
दूसरा वन डे रविवार को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में, जमशेदपुर में भी मुकाबले को लेकर खासा उत्साह
उदित वाणी, जमशेदपुर/रांची: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को होने वाले दूसरे वन डे क्रिकेट मैच को लेकर राजधानी के साथ पूरे राज्य का रोमांच बढा हुआ है. दूसरे वन डे मैच को लेकर दोनों देशों की टीम के सदस्य शुक्रवार को रांची पहुंचे.
रांची पहुंचने पर क्रिकेट प्रेमियों और खेल प्रशंसकों ने सभी खिलाडिय़ों का जोरदार तरीके से स्वागत किया. भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीम के खिलाड़ी और क्रु मेंबर दोपहर बाद रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे.
एयरपोर्ट पर खिलाडिय़ों की एक झलक पाने को लेकर खेल प्रेमी काफी बेताब नजर आये. सभी खिलाड़ी अपने हाथ में एक-एक छोटा सा बैग लिये एयरपोर्ट से बाहर निकले और बाहर में लगी लग्जरी बस में जाकर बैठ गये.
दोनों टीम के सदस्यों के लिए अलग-अलग लग्जरी बस की व्यवस्था की गयी थी. एयरपोर्ट से सभी खिलाड़ी सीधे होटल रेडिसन ब्लू पहुंचे, जहां तीन दिनों तक उनके रहने की व्यवस्था की गई है. भारत-दक्षिण अफ्रीका के खिलाडिय़ों के होटल रेडिसन ब्लू में ठहरने की सूचना मिल जाने पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ होटल के बाहर भी एकत्रित हो गई.
रांची पहुंचे भारत और दक्षिण अफ्रीका टीम के खिलाडिय़ों के लिए होटल रेडिसन ब्लू में बीसीसीआई और जेएससीए की ओर से विशेष इंतजाम किये गए है. खिलाड़ी और दूसरे क्रुमेम्बर्स के लिए होटल में 115 कमरे बुक है. होटल प्रबंधन की ओर से भी खिलाडिय़ों के खान-पान की विशेष व्यवस्था की गयी है.
आज दोनों टीम ग्राउंड में प्रैक्टिस करने पहुंचेगी
दोनों टीमें कल 8 अक्टूबर को प्रैक्टिस करने जेएससीए ग्राउंड आएंगी. प्रैक्टिस के लिए भी शिड्यूल तय हो चुका है. भारतीय टीम दोपहर 12.30बजे से प्रैक्टिस करेगी.
इसके बाद दूसरे हॉफ में दक्षिण अफ्रीका की टीम प्रैक्टिस करेगी. अभ्यास का यह सिलसिला रात 8 बजकर 30 मिनट तक चलेगा. रेडिसन ब्लू होटल में फिलहाल तीन दिनों के लिए सभी बुकिंग को रद्द कर दिया गया है. क्रिकेट खिलाडिय़ों के रांची आगमन को लेकर झारखंड पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये है.
स्टेडियम के अंदर और बाहर डीएसपी स्तर के 29 पदाधिकारियों के अलावा 500 पुलिस पदाधिकारी इंस्पेक्टर, दारोगा और जमादार की तैनाती की गयी है. इसके अलावा एक हजार से अधिक जवान भी मोर्चा संभालेंगे. एयरपोर्ट से लेकर होटल और होटल से लेकर स्टेडियम के रास्ते के अलावा जेएससीए स्टेडियम तथा होटल परिसर में पर्याप्त संख्या में सुरक्ष्ज्ञा बलों की तैनाती की गई है.
इस मुकाबले का रोमांच अनुभव करने की ललक जमशेदपुर के क्रिकेटप्रेमियों में भी खासी है. एक दौर था जब दूसरे शहरों के लोग क्रिकेट मैच देखने जमशेदपुर आते थे, अब रांची ने वो जगह हासिल कर ली है.


