
मानगो गांधी मैदान से सुबह नौ बजे निकलेगा जुलूस, आम बगान होते हुए धतकीडीह जाएगा
उदित वाणी, जमशेदपुर: पैग़ंबरे इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहू अलेही वसल्लम के जन्मदिन ईद मिलाद उन नबी के अवसर पर 9 अक्टूबर को निकाले जाने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारी पूरी कर ली गई है.
साथ ही जुलूस में अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने के लिए तंजीम अहले सुन्नत की ओर से अपील की गई है. इसके लिए जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है. यह जानकारी जुलूस की आयोजक संस्था तंजीम अहले सुन्नत जमात के उलेमा-ए-कराम द्वारा धतकीडीह स्थित मदरसा फैजुल उलूम में आयोजित प्रेसवार्ता में दी गई.
इस अवसर पर संगठन के मुफ्ती जियाउल मुस्तफा कादरी,मौलाना शमशाद उल कादरी आदि ने बताया कि इस साल भी नबी की शान में शानदार और भव्य मुत्ताहिदा जुलूस-ए मोहम्मदी (संयुक्त जुलूस-ए-मोहम्मदी) निकाला जाएगा.
जुलूस में अमन का पैगाम देने वाली हदीसों का प्रदर्शन, इस्लाम की शिक्षा, देश-प्रेम की छवि नजर आएगी. मस्जिदों, मदरसों और गली मोहल्लों में नबी की शान में लिखे बैनर लगाए गए हैं और आकर्षित सजावट की गई है. जनता से अपील की गई है कि खाना-तोहफे बांटने के साथ-साथ शिक्षा से जुड़ी सामग्री भी बांटें. जुलूस का नेतृत्व उलेमा-ए-कराम करेंगे.
पांच हजार वोलेंटियर व्यवस्था देखेंगे
पांच हजार वोलेंटियर(सेफ्टी टी शर्ट एवं आईडी कार्ड के साथ) जुलूस और यातायात व्यवस्था में सहायता करेंग. दूसरों को तकलीफ न हो, इसका विशेष ख्याल रखेंगे. वहीं, एम्बुलेंस और जरूरी गाडि़य़ों के लिए रास्ता तुरंत छोड़ा जाएगा. जो दिशा निर्देश के विरुद्ध जाएगा वह खुद ही कार्रवाई के लिए जिम्मेदार होगा. संस्था उसके लिए जिम्मेदार नहीं होगी.
तंजीम अहले सुन्नत जमात के दिशा निर्देश
# बाइक व छोटी गाडिय़ा जुलूस के पीछे रहेंगी.
# जुलूस में सबसे आगे उलेमा-ए-करमा रहेंगे. उनके पीछे आवाम रहेगी.
# मानगो गांधी मैदान के पास रोड नं 1 के सामने बैरियर लगाया जायेगा.
# बाइक,छोटी बड़ी गाडिय़ों के लिए बीएमसी ग्राउंड परिसर में पार्किंग होगी.
# छोटी गाडिय़ां जुलूस की समाप्ति के बाद गोलचकर से मुड़कर जिस रास्ते से जुलूस आया है, वापस उसी रास्ते से अपने स्थानों पर जाएंगी.
# सुबह 9 बजे के बाद जुलूस-ए-मोहम्मदी मानगो गांधी मैदान से शुरू करने का निर्णय लिया गया है.
# दिन 11 बजे साकची आमबागान मैदान में उलेमा-ए-करमा की तकरीर के बाद जुलूस सकची गोलचककर से बढ़कर स्ट्रेट माइल रोड, जुस्को ऑफिस गोलचकर से होते हुए सीधा धातकीडीह सेंटर मैदान पहुंचेगा जहां उलेमा ए कराम की तकरीर, सलातो सलाम, दुआ के बाद जुलूस का समापन होगा.
# परसुडीह, मगदमपुर, जुगसलाई के जुलुस बिष्टुपुर मेन रोड से होते हुए धातकीडीह के तरफ पहुचेंगे. टेल्को, गोलमुरी, साकची, भालुबासा, बर्मामाइंस के जुलुस सीधे आमबगान मैदान में जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल होंगे.
# ईद मिलादुन्नबी के मौके पर धतकीडीह की मक्का मस्जिद में जोहर की नमाज की दो जमात होगी. पहली जमात 1.00 बजे और दूसरी जमात 2.00 बजे होगी.
# तंजीम के जानिब से जुलूस में शामिल अकीदतमंदों के लिए मानगो गांधी मैदान में पीने का पानी, साकची आम बागान मैदान, धतकीडीह समुदायिक मैदान में लंगर और पीने के पानी की व्यवस्था की जाएगी.
सबको अपनी खुशियों में शामिल करें : हिदायतुल्लाह खान
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर निकलने वाले जुलूस ए मुहम्मदी में डीजे प्रतिबंधित रहेगा. हर ब्लॉक में बैठक करके जुलूस की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी. शहर में शांति एवं अमन ओ अमान को हर हाल में कायम रखा जाएगा.
बैठक में हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि इस पवित्र त्योहार में सबको अपनी खुशियों में शामिल करें. वंचित व शाोषित तबके का विशेष ख्याल रखें, बैठक में मुख्य रूप से मौलाना जियाउल मुस्तफा मुफ्ती, आबिद मोती वल्ला हबीबी, मौलाना कलीम कैसर, फजल खान, मोहम्मद समद मुख्य रूप से उपस्थित थे.

विशेष सफाई अभियान चलाया जाय : फजल खान
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी अल्पसंख्यक विभाग के महासचिव सह प्रवक्ता फजल खान ने जेएनसी से मांग की है के ईद मिलादुन्नबी के मौके पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाय, जुलूस ए मोहम्मदी के रूट में चौक चौराहे पर पानी के टैंकर की व्यवस्था की जाय.
जिला प्रशासन जुलूस के रूट के मुताबिक ट्रैफिक प्लान बना कर अखबारों में प्रकाशित कराए जिससे आम जनता को कोई कठिनाई न हो सके. खान ने कहा के पैगम्बर मोहम्मद साहब के जन्मदिन को इस साल पूरी भव्यता एवं शांति से मनाया जाएगा.
पिछले दो साल कोरोना महामारी के कारण जुलूस नही निकाला गया था. इस कारण इस साल लोगों में ईद मिलादुन्नबी एवं जुलूस को लेकर लोगों में काफी उत्साह है. जुलूस में हजारों वॉलिंटियर्स ट्रैफिक व्यवस्था को ठीक करने में प्रशासन का सहयोग करेंगे.


