
उदित वाणी, जमशेदपुर : कार्यस्थल पर होने वाली दुर्घटनाओं और आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम ने न्यू इलेक्ट्रिक लोको शेड के टाइम ऑफिस परिसर में कर्मचारियों के लिए विशेष आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा एवं अग्निशमन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में करीब 250 कर्मचारियों ने भाग लेकर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता अंशुमान सिंह के निर्देशन में किया गया। उन्होंने कहा कि रेलवे जैसे संवेदनशील कार्यस्थल पर कर्मचारियों का आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार की जानकारी से लैस होना बेहद आवश्यक है। इससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के साथ-साथ गंभीर नुकसान को भी कम किया जा सकता है।
रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि इलेक्ट्रिक लोको शेड रेलवे का अत्यंत महत्वपूर्ण विभाग है, जहां राजधानी, दुरंतो, सुपरफास्ट एक्सप्रेस और मालगाड़ियों के इंजनों की मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य किया जाता है। ऐसे में यहां कार्यरत कर्मचारियों के लिए सुरक्षा प्रशिक्षण अनिवार्य हो जाता है।
कार्यक्रम में कर्मचारियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस), प्राथमिक उपचार तथा अग्निशमन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। भारी सामान उठाने के दौरान होने वाली चोटों, कॉलर बोन और कलाई फ्रैक्चर की स्थिति में प्राथमिक उपचार के तरीके समझाए गए। साथ ही ट्रायंगुलर बैंडेज के सही उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने बेहोश व्यक्ति की जांच, सीपीआर देने की प्रक्रिया तथा अग्निशमन यंत्रों के सुरक्षित उपयोग का प्रदर्शन किया। वहीं अनामिका मंडल ने सिर और छाती में चोट लगने तथा उंगली कटने जैसी स्थितियों में बैंडेज लगाने की विधि का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के फायर एक्सटिंग्विशरों की उपयोगिता भी बताई गई। विशेषज्ञों ने एबी, बीसी और एबीसी श्रेणी के अग्निशमन यंत्रों की पहचान कराते हुए वाटर, फोम, सीओ₂, क्लीन एजेंट और ड्राई केमिकल पाउडर आधारित उपकरणों के प्रयोग की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में सहायक मंडल विद्युत अभियंता सुदीप आचार्य, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता धीरज कुमार, आर.एन. महतो सहित विभिन्न विभागों के अभियंता, वरिष्ठ तकनीशियन, तकनीशियन और लिपिक वर्ग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर अंशुमान सिंह ने सिविल डिफेंस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कर्मचारियों की सुरक्षा जागरूकता और कार्यकुशलता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में प्रत्येक माह दो बार ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा। अंत में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता धीरज कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

