
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रेम कुंज के समीप सुबह की सैर पर निकली एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार अपराधी द्वारा सोने की चेन छीनने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के दौरान बदमाश ने इतनी तेजी से वारदात को अंजाम दिया कि महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। हालांकि सदमे और भय के कारण उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी अपने परिजनों को नहीं दी। घटना के दो दिन बाद परिवार की ओर से थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, धनवंती देवी प्रतिदिन की तरह सुबह करीब सात बजे मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक उनके करीब पहुंचा और गले में पहनी सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। अचानक हुई छीना-झपटी में संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर गईं, जिससे उन्हें चोटें आईं।
घटना के बाद बुजुर्ग महिला काफी घबराई हुई थीं और उन्होंने घर लौटकर भी इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। रविवार को स्थानीय लोगों के बीच घटना की चर्चा होने पर परिजनों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें संदिग्ध बाइक सवार की तस्वीर कैद होने की बात सामने आई।
महिला के पुत्र संतोष कुमार ने रविवार देर शाम परसुडीह थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने पुलिस से आरोपी की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। इधर, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध की पहचान के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है।

