
उदित वाणी जमशेदपुर :जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धातकीडीह तालाब के समीप गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहाँ पारिवारिक विवाद से परेशान एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर खुद को आग लगाकर जान देने का प्रयास किया। राहत की बात यह रही कि मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता और एक स्थानीय युवक की सूझबूझ से उनकी जान बच गई। हालांकि, बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
तालाब के पास खुद पर छिड़का पेट्रोल
मिली जानकारी के अनुसार, धातकीडीह ए ब्लॉक के रहने वाले सत्तार खान दोपहर के समय अचानक अपने साथ पेट्रोल लेकर तालाब के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। देखते ही देखते आग की लपटें काफी तेज हो गईं और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मो. इस्लाम ने साहस दिखाकर बचाई जान
जब बुजुर्ग आग की लपटों से घिरे थे, उसी दौरान तालाब के समीप वाहन धोने का काम करने वाले मो. इस्लाम ने अदम्य साहस का परिचय दिया। इस्लाम ने बिना समय गंवाए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया और गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
TMH में चल रहा है इलाज, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग सत्तार खान को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार, उनका शरीर काफी हद तक झुलस गया है और उनकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सत्तार खान लंबे समय से किसी पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में चल रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से जले हुए कपड़े और अन्य अवशेष बरामद कर लिए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

