
उदित वाणी, खगड़िया : बिहार के खगड़िया जिले में गुरुवार को तेज बारिश के साथ हुए आकाशीय बिजली के कहर ने कई परिवारों पर दुख का पहाड़ तोड़ दिया। अलग-अलग घटनाओं में पिता-पुत्र समेत पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा पौरा सहायक थाना क्षेत्र और बेलदौर थाना क्षेत्र में उस समय घटित हुआ, जब किसान अपने खेतों में मक्का की फसल कट रहे थे।
अचानक मौसम बिगड़ गया और झमाझम बारिश के बीच तेज आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे कई लोग इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घटनास्थल से घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है। घटना के बाद दोनों थाना क्षेत्रों में शोक और भय का माहौल है।
