
उदित वाणी हजारीबाग : हजारीबाग बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के पास युवा व्यवसायी विक्की कुमार सोनी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उन्होंने कई लूट एवं चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को हजारीबाग निवासी विक्की कुमार सोनीअपने एक दोस्त के साथ कार से कोडरमा जा रहे थे। इसी दौरान बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के समीप अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और गहन जांच के आधार पर मामले का उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम कुमार साव (25 वर्ष), निवासी नारदीगंज, जिला नवादा (बिहार) तथा दिलीप कुमार (25 वर्ष), निवासी चंदा खुर्द, थाना वजीरगंज, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। साथ ही मृतक जिस कार से यात्रा कर रहे थे, उसे भी अपने कब्जे में ले लिया गया है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उनके खिलाफ चोरी, लूट, ड्रग्स तस्करी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले हजारीबाग समेत अन्य जिलों में दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

