
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान के समीप स्वास्तिक मोहनी टावर में रहने वाले 24 वर्षीय युवक विनोद कुमार शाश्वनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव टावर की चौथी मंजिल स्थित फ्लैट से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद शनिवार रात परिवार के सदस्यों के साथ भोजन करने के बाद अपने फ्लैट में चले गए थे। उनके पिता उसी टावर की पांचवीं मंजिल पर रहते हैं। रविवार दोपहर तक विनोद के कमरे से बाहर नहीं आने और किसी प्रकार की गतिविधि नहीं होने पर परिजनों को चिंता हुई। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिवार के लोग फ्लैट के अंदर पहुंचे, जहां विनोद मृत अवस्था में मिले।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। जांच के दौरान घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी कराई गई है ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सुरक्षित रखा जा सके।
परिजनों ने बताया कि विनोद की पत्नी फिलहाल अपने मायके गई हुई हैं। उनके वापस लौटने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।

