
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र स्थित भुवनेश्वर मंदिर के समीप रविवार देर रात दो कारों के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में एक कार में सवार पूरा परिवार बाल-बाल बच गया, जबकि दूसरी ओर से आ रही स्विफ्ट कार (बीआर 01 जेजेड 4798) के चालक और उसमें मौजूद युवकों पर स्थानीय लोगों ने नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब परिवार को लेकर जा रही कार मंदिर के समीप से गुजर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सामने से आकर उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक हंगामा और हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। स्थानीय लोगों का आरोप था कि स्विफ्ट कार में सवार युवक शराब के नशे में थे और लापरवाही से वाहन चला रहे थे। लोगों ने दावा किया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन से शराब की बोतलें तथा पेग बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद हुआ है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चालक और वाहन में सवार लोग शराब के प्रभाव में थे या नहीं।
इधर, स्थानीय निवासियों ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर में शराब पीकर वाहन चलाने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों की पहचान में जुटी हुई है।

