उदित वाणी, पोटका : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका (Potka News) अंतर्गत कोवाली थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहाँ के जामदा पंचायत स्थित रुगड़ीसाई गांव में बुधवार को आसमानी बिजली (Lightning Strike) गिरने से एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई. मृतका की पहचान 35 वर्षीय निदिता सरदार के रूप में की गई है.
जलाशय में हाथ धोने के दौरान अचानक हुआ वज्रपात
मिली जानकारी के अनुसार, निदिता सरदार अपने दैनिक घरेलू काम के सिलसिले में सुबह गोबर चुनने के लिए बाहर गई हुई थी. काम खत्म करने के बाद वह पास के ही एक जलाशय (तलाब) में हाथ-पैर धो रही थी. बताया जा रहा है कि उस वक्त आसमान और मौसम बिल्कुल साफ था. लेकिन इसी बीच अचानक मौसम बदला और तेज गरज के साथ वज्रपात (Vajrapat) हुआ, जिसकी सीधी चपेट में निदिता आ गई.
मौके पर ही तोड़ा दम, प्रशासन को दी गई सूचना
आसमानी बिजली गिरने की इस भयानक घटना में निदिता का पूरा शरीर बुरी तरह झुलस गया, जिसके कारण उसने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया. अचानक हुई इस हृदयविदारक घटना से रुगड़ीसाई गांव और मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों द्वारा मामले की आधिकारिक सूचना अंचलाधिकारी पोटका (CO Potka) और कोवाली थाना प्रभारी (Kowali Thana प्रभारी) को दे दी गई है.


