उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल डिमना लेक को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। वन विभाग की ओर से यहां आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की तैयारी की जा रही है, लेकिन दूसरी ओर लेक की मौजूदा स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। गंदगी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियां और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार डिमना लेक क्षेत्र में दिनभर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। कई लोग खुलेआम शराब का सेवन करते हैं और खाली बोतलें तथा प्लास्टिक कचरा परिसर में ही छोड़ देते हैं। लेक के आसपास बिखरी गंदगी न केवल इसकी सुंदरता को प्रभावित कर रही है, बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों के लिए भी असहज माहौल पैदा कर रही है। लगातार बढ़ती अव्यवस्था के कारण पर्यटकों की संख्या पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
बोड़ाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस पर्यटन स्थल पर नियमित पुलिस गश्त नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। वहीं, सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। समय-समय पर स्वच्छता अभियान तो चलाए जाते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं।
स्कूली बच्चों ने संभाली स्वच्छता की कमान
डिमना लेक को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए शहर के विद्यार्थियों ने सराहनीय पहल की है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग के सहयोग से करीम सिटी कॉलेज, ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने लेक परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान छात्रों ने लेक किनारे फैली प्लास्टिक, बोतलों और अन्य कचरे को एकत्र कर साफ-सफाई की।
अभियान में शामिल विद्यार्थियों और शिक्षकों ने डिमना लेक में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने तथा नियमित निगरानी की मांग की। उनका कहना था कि प्रशासन और आम लोगों के सहयोग से ही इस प्राकृतिक धरोहर को स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सकता है।
पर्यटन विकास की बड़ी योजना
वन विभाग द्वारा डिमना लेक को आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत लेक किनारे कुटिमाकुली क्षेत्र में 10 आधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा। साथ ही पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिल सके।
हालांकि, स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि पर्यटन विकास के साथ-साथ सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को भी प्राथमिकता देना जरूरी है। उनका मानना है कि यदि असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, तभी डिमना लेक वास्तव में एक आदर्श पर्यटन हब के रूप में विकसित हो सकेगा।
चारों ओर पहाड़ियों से घिरा डिमना लेक अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन वर्तमान हालात इसकी पहचान को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में पर्यटन विकास योजनाओं की सफलता के लिए सुरक्षा, स्वच्छता और अनुशासन को लेकर ठोस कदम उठाना समय की मांग बन गया है।


