उदित वाणी, जमशेदपुर: घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत गालूडीह थाना क्षेत्र में सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान केशपुर स्थित बागालगोड़ा निवासी 30 वर्षीय गौरी सबर के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार मंगलवार देर रात गौरी सबर अपने घर में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी।
इसी दौरान करीब तीन बजे उसकी नींद खुली तो उसने महसूस किया कि किसी जहरीले सांप ने उसके कंधे पर डस लिया है। महिला के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। लाइट जलाने पर बिस्तर से कुछ दूरी पर एक जहरीला सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हालांकि एमजीएम अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर ही चित्ती सांप को मार डाला। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


