उदित वाणी, आदित्यपुर : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चम्पाई सोरेन ने आदित्यपुर के एस टाईप चौक के पास स्थित फुटपाथी दुकानों को जबरन तोड़े जाने की हालिया घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है. उन्होंने इस कृत्य को अनुचित बताते हुए दोषियों को तत्काल चिह्नित करने, उनके विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई करने तथा प्रभावित पीड़ित परिवारों को उचित क्षतिपूर्ति (मुआवजा) देने की पुरजोर मांग की है. इस गंभीर मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने जिले की पुलिस अधीक्षक (एसपी) से भी फोन पर सीधे बातचीत की और उन्हें मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया है.
जियाडा भवन के सभागार में बुलाई गई आपात बैठक
इस घटनाक्रम के बाद आज संध्या समय आदित्यपुर स्थित जियाडा भवन के सभागार में पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन द्वारा आवास बोर्ड (Housing Board) तथा नगर निगम (Nagar Nigam) के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई. इस बैठक के माध्यम से उन्होंने घटना के संबंध में पूरी प्रशासनिक जानकारी प्राप्त की. साथ हीं उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि उक्त विवादित स्थान पर आवास बोर्ड द्वारा आवंटित भूमि को अविलंब चिह्नित किया जाए और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
बिना किसी नोटिस के जेसीबी से उजाड़ दिया रोजगार
इस समीक्षा बैठक में एस टाईप चौक के पास के सभी प्रभावित दुकानदार भी मुख्य रूप से उपस्थित थे. पीड़ित दुकानदारों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री को बताया कि प्रशासन या संबंधित पक्ष द्वारा उन्हें पहले से कोई लिखित नोटिस नहीं दिया गया था. बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक जेसीबी (JCB) की मदद से उनकी दुकानें जबरन तोड़ दी गईं. दुकानदारों ने दुख जताते हुए कहा कि इस कार्रवाई के बाद अब उनके पास आजीविका और रोजगार का कोई दूसरा साधन नहीं बचा है.
बैठक में ये सभी वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
आदित्यपुर के समग्र विकास और जनहित के मामलों को प्राथमिकता देने की बात दोहराते हुए पूर्व सीएम ने प्रभावितों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया. इस महत्वपूर्ण बैठक के अवसर पर नगर निगम के सिटी मैनेजर रवि भारती, आवास बोर्ड की कनीय अभियंता (जूनियर इंजीनियर) उत्पला सरदार, पंकज कुमार रजक, पंकज कुमार सहित वकील सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री के आप्त सचिव चंचल गोस्वामी, रंजीत प्रधान, परमेश्वर प्रधान, रवि भारती और बुबई शर्मा आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे.


