उदित वाणी पटमदा: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत बेलडीह पंचायत के बेलडीह गांव में मंगलवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर श्रमदान के माध्यम से जर्जर सड़क की मरम्मत की। यह सड़क बेलडीह गांव के 15 आदिम जनजाति परिवारों तथा पाकोेटोड़ा टोला के करीब 100 आदिवासी परिवारों को मुख्य सड़क से जोड़ने का एकमात्र रास्ता है। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने और लगातार बारिश के कारण सड़क पूरी तरह कीचड़मय हो गई थी, जिससे लोगों को पैदल आने-जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने प्रशासनिक पहल का इंतजार करने के बजाय स्वयं आगे बढ़कर सड़क को चलने योग्य बनाने का निर्णय लिया। श्रमदान के दौरान करीब 200 फीट सड़क पर ईंट के टुकड़े एवं डस्ट बिछाया गया, जिससे फिलहाल लोगों को राहत मिली है। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के दिनों में यह सड़क गांववासियों के लिए बड़ी समस्या बन जाती है और मरीजों, बच्चों तथा बुजुर्गों को सबसे अधिक कठिनाई उठानी पड़ती है।
इस सामूहिक अभियान में गांव के कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण सक्रिय रूप से शामिल हुए। प्रमुख रूप से सेवानिवृत्त शिक्षक ईश्वर सिंह, पारा शिक्षक गुरुचरण सिंह, समाजसेवी विभूति भूषण सिंह, सेवानिवृत्त पोस्टमास्टर विशेश्वर सिंह, शशिभूषण सिंह, नगेंद्र नाथ सिंह, दुर्गा चरण सिंह, जगन्नाथ सिंह, कलेबर सिंह, फनी भूषण सिंह, शरत सिंह एवं बाबूलाल महतो ने श्रमदान कर सहयोग किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग भी की है।


