उदित वाणी जमशेदपुर: लंबी दूरी की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर–बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस में स्थायी रूप से एक अतिरिक्त सेकेंड क्लास चेयर कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद ट्रेन की कुल कोच संख्या 20 से बढ़कर 21 हो जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन संख्या 18183/18184 टाटा–बक्सर–टाटा एक्सप्रेस में एक नया एलडब्ल्यूएससीजेड (2एस) सेकेंड क्लास चेयर कोच जोड़ा जाएगा। इससे सामान्य और सेकेंड क्लास श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को अधिक सीट उपलब्ध हो सकेंगी और भीड़भाड़ में कमी आने की उम्मीद है।
रेल प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, नई कोच व्यवस्था ट्रेन संख्या 18183 टाटानगर–बक्सर एक्सप्रेस में 5 जून 2026 से टाटानगर से खुलने वाली सेवा में लागू होगी। वहीं, वापसी दिशा की ट्रेन संख्या 18184 बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस में यह बदलाव 6 जून 2026 से बक्सर से प्रस्थान करने वाली सेवा से प्रभावी होगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अतिरिक्त कोच जुड़ने से खासकर दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और सामान्य श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के जनसंपर्क सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि रेलवे लगातार यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठा रहा है।


