उदित वाणी, जमशेदपुर: गया से टाटानगर लौट रही एक महिला यात्री चोरी की वारदात का शिकार हो गई। आनंद विहार–पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में सफर के दौरान महिला के बैग से जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने टाटानगर रेल थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार गोलमुरी निवासी रिया कुमारी दो दिन पहले गया से टाटानगर आ रही थीं। यात्रा के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैग को निशाना बनाया और उसमें रखे जेवर व अन्य सामान लेकर फरार हो गया। टाटानगर स्टेशन पहुंचने पर बैग की जांच के दौरान चोरी का पता चला, जिसके बाद महिला ने रेल पुलिस से शिकायत की।
टाटानगर रेल थाना ने मामले को जीरो कांड के तहत दर्ज किया है। चूंकि घटना का स्थल गया क्षेत्र से जुड़ा है, इसलिए दर्ज एफआईआर को आगे की कार्रवाई के लिए गया जीआरपी को स्थानांतरित किया जाएगा।
बताया जाता है कि बिहार और ओडिशा रूट की ट्रेनों में चोरी, पॉकेटमारी और सामान गायब होने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में यात्री अक्सर टाटानगर रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हैं। रेल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

