उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब चोरों के निशाने पर आम लोग ही नहीं, बल्कि रेलकर्मी भी आ गए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सक्रिय चोर गिरोह बंद पड़े मकानों को आसानी से निशाना बना रहे हैं। बढ़ती वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई परिवार एक दिन के लिए भी घर बंद कर बाहर चला जाए तो चोरी की आशंका बनी रहती है।
ताजा मामला नोवामुंडी क्षेत्र का है, जहां रेल कर्मचारी सुमंत कुमार प्रधान के घर चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार सुमंत कुमार प्रधान 27 मई को अपने घर में ताला लगाकर राजखरसावां गए हुए थे। अगले दिन 28 मई की सुबह करीब 11 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का मुख्य ताला टूटा हुआ मिला। भीतर प्रवेश करने पर कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और कई कीमती सामान गायब थे।
पीड़ित रेलकर्मी के अनुसार चोर 32 इंच की एलईडी टीवी, इंडक्शन चूल्हा, ग्राइंडर, करीब 14 ग्राम सोने की चेन और 9400 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि चोरी से उन्हें लगभग साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।


