उदित वाणी आदित्यपुर: आदित्यपुर-02 के मार्ग संख्या-32 स्थित कार्यालय में संपन्न हुई सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा एवं आदित्यपुर अधिवक्ता संघ की संयुक्त बैठक में आदित्यपुर पेयजलापूर्ति योजना के अब-तक पूर्ण नहीं होने पर खेद जताया गया. बैठक में कहा गया कि लगभग 395 करोड़ रूपए की लागत वाली इस योजना का कार्य 04 दिसंबर-2018 को प्रारंभ हुआ था तथा 03 दिसंबर-2021 तक योजना का कार्य पूर्ण किया जाना था.
परन्तु 5 साल बीत जाने के बाद भी यह योजना अधूरी है. खेद की बात तो यह है कि ना तो झारखंड विधानसभा में एवं ना तो लोकसभा में जनप्रतिनिधियों के द्वारा इस समस्या को उठाया गया. अगर समस्या को उचित तरीके से उठाया गया होता, तो संभवतः इसका समाधान हो गया होता. बैठक में कहा गया कि अगर आगामी 12 जून तक 30 एमएलडी क्षमता वाले सीतारामपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को नियमित रूप से आम जनता के लिए चालू नहीं किया गया, 30 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े सभी वैद्य उपभोक्ताओं को नए जलापूर्ति पाइप लाईन से कनेक्शन नहीं दिया गया एवं सापड़ा स्थित 60 एमएलडी वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को अगस्त-2026 तक चालू करने का लिखित आश्वासन नहीं दिया गया, तो आगामी 13 जून को आकाशवाणी चौक (पटेल चौक), आदित्यपुर के पास एक दिवसीय महाधरना आहूत किया जाएगा.
बैठक में महाधरना की तैयारी के लिए एक उप समिति का भी गठन किया गया, जिसमें महिला नेत्री शारदा देवी, पार्षद नीतू शर्मा, पार्षद सुधीर चौधरी, पार्षद धनंजय कुमार, शशांक गांगूली, अधिवक्ता मनोज कुमार एवं अधिवक्ता आशुतोष कुमार को शामिल किया गया है. बैठक की अध्यक्षता जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष एवं आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के मुख्य संरक्षक अधिवक्ता ओमप्रकाश ने तथा संचालन आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपेंद्र नाथ ओझा ने किया.
विधायक सरयू राय के द्वारा किए जा रहे जन आन्दोलन का पूर्ण समर्थन
बैठक में टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सभी यात्रियों गाड़ी के विलंब से चलने के सवाल पर जमशेदपुर (पश्चिमी) के विधायक सरयू राय के द्वारा किए जा रहे जन आंदोलन का पूर्ण समर्थन किया गया. बैठक में जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो के द्वारा जमशेदपुर में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की गई. साथ हीं आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर पहले की तरह दुर्ग-पटना एक्सप्रेस, टाटा-मुजफ्फरपुर, पटना सुपर फ़ास्ट ट्रेन, इस्पात एक्सप्रेस आदि ट्रेनों के ठहराव के लिए प्रतिनिधि मंडल उनसे मिलकर अपनी मांग रखेगा.
आम लोगों से जनगणना में पूर्ण सहयोग करने की अपील
बैठक में भारत सरकार द्वारा किए जा रहे जनगणना को भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया गया. इसलिए आम जनता जनगणना में पूर्ण सहयोग करें, ताकि जनगणना में किसी का नाम ना छूटे.
दो माह पूर्व काम पूर्ण होने के बाद भी नहीं शुरु हुई जलापूर्ति
बैठक में इस बात पर आश्चर्य जताया गया कि 30 एमएलडी क्षमता वाला सीतामपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट 2 महीने पूर्व पूर्ण हो गया है एवं 9 अप्रैल से वॉटर टेस्टिंग का काम भी प्रारंभ हो गया है. परन्तु दो महीने बीतने के बाद भी इस प्लांट से जलापूर्ति चालू नहीं किया गया है, जो नगर निगम, आदित्यपुर की घोर लापरवाही एवं निष्क्रियता को प्रमाणित करता है. जबकि झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जोर देकर पेयजल आपूर्ति में लापरवाही नहीं करने का आदेश दिया है. इस अवसर पर अधिवक्ता रंजनी मिश्रा, आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के महासचिव रवि शंकर पासवान, उपाध्यक्ष निशांत कुमार, डॉक्टर मृत्युंजय सिंह, राकेश कुमार मिश्रा, अधिवक्ता अजय कुमार सिंह, मदन सिंह, महेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता दिलीप कुमार साव, जन कल्याण मोर्चा के महासचिव राजेश कुमार मुन्ना, आशीष कुमार धर, आयुष भगत आदि उपस्थित थे. धन्यवाद ज्ञापन जन कल्याण मोर्चा के उपाध्यक्ष सुनील कुमार सवाई ने किया.


