उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर ऑटो कलस्टर के पीछे हथियाडीह में स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में अत्याधुनिक एआई तकनीक से लैस एमआरआई मशीन का आज विधिवत उद्घाटन हुआ. इसका उदघाटन सरायकेला-खरसावां जिला के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने फीता काटकर किया. इस नई सुविधा के शुरू होने से कोल्हान क्षेत्र के मरीजों को उन्नत चिकित्सा जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी. लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित सीमेन्स कंपनी यह अत्याधुनिक एमआरआई मशीन हिलियम-फ्री तकनीक पर आधारित मशीन है, जो आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है. मशीन में एआई तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक सटीक और तेज होगी. और विशेषज्ञ चिकित्सक की अनुपस्थिति में भी यह मशीन एडवांस स्तर की इमेजिंग और रिपोर्टिंग में सहायता प्रदान करेगी. लगभग दो वर्ष पूर्व अस्तित्व में आए नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ने कम समय में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है. यहां 100 सीटों पर एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो चुकी है. वहीं 900 बेड वाले सुपर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में विभिन्न आधुनिक चिकित्सा सेवाएं भी संचालित की जा रही है.
क्षेत्र के लोगों के लिए लाभकारी होगा अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तारः उपायुक्त
जिला उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने अस्पताल प्रबंधन को इस नई उपलब्धि के लिए बधाई दी है तथा उम्मीद जताया है कि अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के लोगों के लिए लाभकारी साबित होगा. उन्होंने उम्मीद जताया कि आने वाले समय में यह संस्थान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और आस-पास के जिला के मरीजों को भी बेहतर उपचार उपलब्ध कराएगा.
अस्पताल में 15 दिनों के भीतर शुरु होगी कैथ लैब की सुविधाः मदन मोहन सिंह
वहीं, चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि आगामी 15 दिनों के भीतर अस्पताल में कैथ लैब की सुविधा भी शुरु कर दी जाएगी. इस सुविधा के शुरू होने से हृदय रोगियों को एंजियोग्राफी और अन्य महत्वपूर्ण जांच एवं उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी. उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों को राहत देने के लिए एमआरआई जांच पर 25 प्रतिशत तक की छूट देने का निर्णय लिया है. वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब मरीजों को 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की जाएगी. इस अवसर पर नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह, प्रबंध निदेशक विभा सिंह, प्राचार्य डॉ के एम सिंह, डॉ. एम के सिन्हा, मृत्युंजय झा, के के सिंह आदि उपस्थित थे.


