उदित वाणी जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत चेपापुल इलाके में शनिवार सुबह तेज रफ्तार और लापरवाही का मामला सामने आया। बताया जाता है कि लाल रंग की ऑडी कार एक नाबालिग चला रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर अक्का गार्डन की दीवार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से चल रही थी। हादसे के वक्त कार में नाबालिग चालक के साथ एक महिला भी मौजूद थी। हालांकि दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन लग्जरी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार सवार बाहर निकले और कुछ देर बाद वहां से चले गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में लंबे समय तक इस हादसे की चर्चा होती रही।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और तेज रफ्तार ड्राइविंग के बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अभिभावकों को बच्चों को वाहन सौंपने से पहले जिम्मेदारी और कानून दोनों का ध्यान रखना चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
लोगों ने प्रशासन से भी सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने, नाबालिग चालकों के खिलाफ अभियान चलाने और अभिभावकों पर जवाबदेही तय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।


