उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों के लिए सोशल मीडिया उपयोग पर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. कंपनी ने कर्मचारियों को ब्रांड के संरक्षक (Brand Custodians) बताते हुए सोशल मीडिया पर सतर्क और जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की है. कंपनी के सर्कुलर में कहा गया है कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया मानव संचार का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है, लेकिन इसमें सत्यता और जिम्मेदारी से जुड़ी चुनौतियां भी हैं. इसलिए टाटा स्टील के सभी कर्मचारियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगह जिम्मेदाराना व्यवहार करना चाहिए.
मुख्य दिशा-निर्देश:
कर्मचारियों को सोशल मीडिया का उपयोग ज्ञान अर्जित करने, सार्थक संवाद करने और ब्रांड संदेश को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया गया है. हर जानकारी को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता और विश्वसनीयता की जांच (Fact-check) जरूर करें. कंपनी की गोपनीय (Proprietary) जानकारी या किसी अन्य व्यक्ति/कंपनी की निजी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें.
सहकर्मियों, ग्राहकों, बिजनेस पार्टनर्स या किसी भी व्यक्ति की जानकारी उनकी अनुमति के बिना न दें. आपत्तिजनक, विवादास्पद या भड़काऊ विषयों से बचें. यदि कोई गलती हो जाए तो तुरंत स्वीकार करें और उसे सुधारें. पोस्ट एडिट करने पर स्पष्ट उल्लेख करें.किसी भी संदिग्ध या रिपोर्ट करने योग्य सामग्री पर कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन विभाग को सूचित करें.
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि टाटा कोड ऑफ कंडक्ट के सिद्धांत सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी लागू होते हैं. किसी भी प्रकार की दुविधा की स्थिति में प्रबंधन से सलाह लेने की सलाह दी गई है. यह गाइडलाइंस टाटा स्टील के कर्मचारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ब्रांड की छवि को मजबूत बनाने के साथ-साथ कंपनी की गरिमा बनाए रखने में मदद करेगी.


