उदित वाणी, जमशेदपुर : कांवरिया धाम मंदिर परिसर में आयोजित श्रीरामचरितमानस नवाह्न परायण महायज्ञ एवं रामकथा का नवम दिवस श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ. मंदिर कमेटी के तत्वावधान एवं यज्ञाधीश संत संत श्री पद्मनाभ स्वामी जी महाराज के मार्गदर्शन में चल रहे इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.
कथावाचक श्री शिवेश त्रिपाठी ने किया रामराज्य की महिमा का वर्णन
काशी से पधारे कथावाचक श्री शिवेश त्रिपाठी जी ने अपने मुखारविंद से श्रीराम राज्याभिषेक एवं पूर्णाहुति प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया. रामराज्य की महिमा, आदर्श शासन और धर्म के संदेशों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे.

विद्वान आचार्यों की देखरेख में संपन्न हुआ यज्ञ कार्य
महायज्ञ में मुख्य आचार्य के रूप में आचार्य मनु पाठक जी एवं उप आचार्य पं. रघुपति पांडे जी सहित कई विद्वान आचार्य यज्ञ कार्य में जुटे हुए हैं. आचार्य राम सुहागा जी, महामाया पीठाधीश्वर श्री पवन मिश्रा जी, पं. हिमांशु चौबे जी, पं. बृजकिशोर पाठक जी, पं. अतुल चौबे जी एवं पं. वासुदेव जी भी अनुष्ठान में सहभागिता निभा रहे हैं.
भव्य आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ समापन
मंदिर के मुख्य पुजारी चंद्रशेखर ओझा जी आयोजन की व्यवस्थाओं में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. कथा के समापन के बाद भव्य आरती हुई और श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. 9 दिवसीय यह धार्मिक आयोजन प्रतिदिन सायंकाल आयोजित किया जा रहा है, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं.


