उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के बारीनगर में महिला उत्पीड़न और पुलिस टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एक महिला के मोबाइल पर लगातार अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक ऑडियो संदेश भेजने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक अज्जू खान को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने पुलिस का विरोध करते हुए हाथापाई कर दी, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से महिला को मोबाइल पर अश्लील सामग्री भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। परेशान महिला ने 27 मई को टेल्को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें डिजिटल संदेश भेजने की पुष्टि होने के बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस जब आरोपी को कानूनी नोटिस देने और गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची, तभी मामला गरमा गया। आरोपी को बचाने के प्रयास में उसके स्वजन और कुछ स्थानीय लोग पुलिसकर्मियों से उलझ पड़े। देखते ही देखते बहस धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई।
स्थिति बिगड़ने की सूचना पर थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़िता और आरोपी पक्ष के बीच पहले से बस्ती में विवाद चल रहा था। हालांकि, पूर्व में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका था, लेकिन दोबारा तनाव बढ़ने से मामला तूल पकड़ गया।
टेल्को पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं। पहली महिला की शिकायत पर अश्लील संदेश भेजकर प्रताड़ित करने की, जबकि दूसरी सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम से हाथापाई के आरोप में दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

