उदित वाणी, जमशेदपुर: ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध और विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 20 मई, बुधवार को देशभर के दवा व्यवसायी एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के अध्यक्ष जेएस शिंदे एवं महासचिव राजीव सिंघल के आह्वान पर इस राष्ट्रव्यापी बंद का ऐलान किया गया है। इस देशव्यापी हड़ताल को जमशेदपुर केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने भी अपना पूर्ण समर्थन दिया है।

ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी छूट पर रोक लगाने की मांग
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस देशव्यापी हड़ताल का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन दवा बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाना है। इसके साथ ही दवा कंपनियों द्वारा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दी जा रही भारी छूट को नियंत्रित करने तथा नकली दवाओं की रोकथाम से जुड़े नियमों में जरूरी संशोधन की मांग को लेकर यह कदम उठाया गया है।
केंद्र सरकार से जीएसआर 817 और जीएसआर 220 को वापस लेने की मांग
(AIOCD) ने केंद्र सरकार से दो प्रमुख अधिसूचनाओं जीएसआर 817 (28 अगस्त 2018) एवं जीएसआर 220 (26 मार्च 2020) को तत्काल वापस लेने की जोरदार मांग की है। संगठन का स्पष्ट कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री और अनियंत्रित डिस्काउंट व्यवस्था के कारण देश के छोटे और पारंपरिक दवा व्यवसायियों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। इसके अलावा, इस लचर व्यवस्था से मरीजों तक नकली दवाएं पहुंचने का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
20 मई को बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर, आपातकालीन सेवाओं के लिए रहेगी अलग व्यवस्था
इस महाहड़ताल के कारण 20 मई को जमशेदपुर शहर समेत देशभर में अधिकांश मेडिकल दुकानें पूरी तरह बंद रहने की संभावना है। हालांकि, गंभीर मरीजों और आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए स्थानीय स्तर पर दवाओं की उपलब्धता के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की जा सकती है।
एसोसिएशन की अपील: जरूरी दवाएं पहले से खरीद लें लोग
मरीजों को होने वाली संभावित असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए संगठन ने आम जनता से विशेष अपील की है कि वे अपनी जरूरत की आवश्यक दवाएं समय रहते पहले से ही खरीद कर रख लें, ताकि हड़ताल के दिन किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जमशेदपुर केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज छाबड़ा, महासचिव आशीष चटर्जी एवं कोषाध्यक्ष संजय कुमार कसेरा ने स्थानीय दवा दुकानदारों से एकजुट होकर इस हड़ताल को पूरी तरह सफल बनाने की अपील की है।


