उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित आदर्श नगर में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए लगभग दस लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
पीड़ित अंचल रस्तोगी ने बताया कि वह अपनी पत्नी को लेकर सुबह करीब 11 बजे डॉक्टर के पास गए थे. कुछ घंटों बाद जब वे वापस लौटे तो घर के बाहर लगा छोटा ताला खुला मिला. शुरुआत में उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ, लेकिन घर के भीतर प्रवेश करते ही उनके होश उड़ गए. घर में रखे बैग से अलमारी की चाबी गायब थी और अलमारी खुली हुई थी. जांच करने पर पता चला कि उसमें रखे करीब दस लाख रुपये के आभूषण चोरी हो चुके हैं.
अंचल रस्तोगी ने बताया कि वे महज चार दिन पहले ही इस मकान में किराएदार के रूप में रहने आए थे. ऐसे में चोरी की वारदात ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है. उन्होंने घटना की सूचना उलीडीह थाना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस की शुरुआती कार्रवाई से असंतुष्ट होकर उन्होंने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को मामले की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही विकास सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली. उन्होंने थाना प्रभारी से फोन पर बातचीत कर मामले के शीघ्र खुलासे और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गई है.


