उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी के अनुभवी गोलकीपर अल्बिनो गोम्स को यूनिटी कप 2026 के लिए भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की 28 सदस्यीय प्रीलिमिनरी स्क्वॉड में जगह मिली है. यह उनके करियर की एक बड़ी उपलब्धि है. भारतीय टीम के मुख्य कोच खालिद जामिल ने गुरुवार को इस स्क्वॉड की घोषणा की. इंडियन सुपर लीग 2025-26 सीजन समाप्त होने के बाद ब्लू टाइगर्स बेंगलुरु में इकट्ठा होंगे, जहां शॉर्ट प्रिपरेटरी कैंप के बाद लंदन के लिए अंतिम 23 खिलाड़ियों की टीम घोषित की जाएगी.
मजबूत प्रदर्शन का इनाम
इस सीजन में जमशेदपुर एफसी (मेन ऑफ स्टील) के लिए अल्बिनो गोम्स का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. उनकी नेतृत्व क्षमता और महत्वपूर्ण बचतों ने टीम को तालिका में मजबूत स्थिति दिलाने में अहम भूमिका निभाई है. अल्बिनो की इस फॉर्म को भारतीय कोचिंग स्टाफ ने सराहा और उन्हें प्रीलिमिनरी स्क्वॉड में शामिल किया. यूनिटी कप 2026 में चार टीमें हिस्सा लेंगी. भारत अपना सेमीफाइनल मैच 26 मई (भारतीय समयानुसार 27 मई की सुबह) को जमैका के खिलाफ खेलेगा. दूसरा सेमीफाइनल नाइजीरिया बनाम जिम्बाब्वे का होगा.
गोलकीपर्स की सूची
अल्बिनो गोम्स प्रीलिमिनरी स्क्वॉड में शामिल चार गोलकीपर्स में से एक हैं. बाकी गोलकीपर इस प्रकार हैं-गुरप्रीत सिंह संधु, विशाल कैथ और हृतिक तिवारी. जमशेदपुर के फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह बेहद खुशी की खबर है. अल्बिनो अगर फाइनल स्क्वॉड में जगह बनाते हैं तो वह लंदन में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएंगे.


