उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन ने शहर की सड़कों को जाम मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कमर कस ली है. आगामी 18 मई को दिन के 11 बजे से पूरे नगर निगम क्षेत्र में एक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा.
इन प्रमुख क्षेत्रों में होगी कार्रवाई
नगर निगम द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस अभियान के तहत शहर के लगभग सभी व्यस्त और प्रमुख इलाकों को अतिक्रमणमुक्त कराया जाएगा. मुख्य रूप से निम्नलिखित स्थानों पर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है:
सुधा डेयरी के पास और आदित्यपुर थाना रोड.
मछली मार्केट, पान दुकान चौक से इमली चौक होते हुए एस-टाइप मोड़ तक.
जियाडा (JIADA) ऑफिस के पास.
आकाशवाणी चौक से पान दुकान चौक तक और अटल पार्क के सामने.
आशियाना मोड़ से ईएसआईसी (ESIC) अस्पताल तक सड़क के दोनों ओर.
गम्हरिया बाजार, एनआईटी (NIT) गेट, लाल बिल्डिंग और प्रभात पार्क.
उप नगर आयुक्त ने जारी किया आदेश
इस संबंध में नगर निगम की उप नगर आयुक्त पारुल सिंह के द्वारा एक सर्वसाधारण आदेश जारी कर दिया गया है. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि और समय पर निगम की टीम पुलिस बल के साथ सड़कों को खाली कराने उतरेगी.
स्वतः अतिक्रमण हटाने का अनुरोध
जारी किए गए आदेश में उप नगर आयुक्त ने सभी संबंधित व्यक्तियों और दुकानदारों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित तिथि (18 मई) से पूर्व अपने द्वारा किए गए अतिक्रमण को स्वतः हटा लें. ऐसा न करने की स्थिति में निगम द्वारा अतिक्रमण हटाया जाएगा और संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.


