उदित वाणी, खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में अफीम और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस को पिछले 24 घंटे में बड़ी सफलताएं मिली हैं. जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में पुलिस ने 231 किलो डोडा, करीब दो किलो अफीम और एक देशी कट्टा बरामद किया है. इन मामलों में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
इसके अलावा, अफीम तस्करी के मामलों में वांछित एक अपराधी को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया है. पहली कार्रवाई मुरहू थाना पुलिस ने की. पुलिस ने गुरुवार तड़के गनालोया-सरिदकेल सड़क पर ग्राम घाघरा के पास एक लावारिस खड़ी मारुति इको कार से 13 बोरों में भरा 231 किलोग्राम डोडा (अफीम बनाने का कच्चा माल) बरामद किया.
पुलिस गश्ती दल को देखते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए. मामले में मुरहू थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर फरार तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है. इस छापेमारी दल का नेतृत्व एसडीपीओ वरुण रजक और थाना प्रभारी नायल गोडविन केरकेट्टा कर रहे थे.
दूसरी कार्रवाई खूंटी-चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित अनिगड़ा चौक पर हुई. एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देख तस्कर भागने लगा, जिसे अनिगड़ा गांव में घेराबंदी कर रोका गया. हालांकि, तस्कर बाइक और अपना बैग छोड़कर खेतों के रास्ते भागने में सफल रहा.
बैग की तलाशी लेने पर 1.995 किलो अफीम बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई जा रही है. एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने भंडरा चौक के पास से अफीम तस्करी के पुराने मामलों में वांछित आरोपी राम मुंडा को गिरफ्तार किया है.
आरोपी के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है. एसपी को सूचना मिली थी कि अलौदी गांव निवासी राम मुंडा हथियार के साथ भंडरा इलाके में मौजूद है. एसडीपीओ बरुण रजक के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है.
(आईएएनएस)


