उदित वाणी, जमशेदपुर : रेलवे की सिग्नलिंग व्यवस्था को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान विद्युत नगर निवासी सूरज महतो और राकेश महतो के रूप में हुई है. दोनों को चोरी किए गए सामान के साथ दबोचा गया.
जानकारी के अनुसार, 9 मई की रात आदित्यपुर और गम्हरिया रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित सिग्नल गुमटी में अपराधियों ने सेंधमारी की थी. इस दौरान वहां स्थापित तड़ित चालक तथा करीब 10 मीटर महंगी कॉपर वायर चोरी कर ली गई थी. घटना के कारण रेलवे सिग्नलिंग प्रणाली प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी, जिससे रेल परिचालन की सुरक्षा पर भी खतरा मंडराने लगा था.
घटना के बाद आरपीएफ और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी हुई थी. तीन दिनों तक तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर निगरानी की गई. बीती रात आदित्यपुर आरपीएफ और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा. छापेमारी के दौरान चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया.
पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों का विभिन्न थानों में पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. आरपीएफ आदित्यपुर के निरीक्षक अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों को रेल न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेजते हुए घाघीडीह केंद्रीय कारागार भेज दिया गया.


