उदित वाणी जमशेदपुर: भारतीय रेल के विकास कार्यों और तकनीकी अपग्रेडेशन का असर एक बार फिर टाटानगर होकर गुजरने वाली ट्रेनों पर पड़ने जा रहा है। चंपा स्टेशन के चौथी लाइन में सिग्नल और अन्य तकनीकी सिस्टम को आधुनिक बनाने के लिए जून में लाइन ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण टाटानगर से होकर चलने वाली पुरी-ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस 11 से 15 जून तक अप और डाउन दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी। उत्कल एक्सप्रेस के बंद रहने से झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत नौ राज्यों के हजारों यात्रियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
इधर, गोंदिया स्टेशन के पास जारी रेलवे विकास कार्य का असर भी ट्रेनों पर दिख रहा है। टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस को मई महीने में कई दिनों तक रद्द किया गया है। वहीं चक्रधरपुर मंडल के झारसुगुड़ा सेक्शन में लाइन ब्लॉक के कारण टाटानगर-राउरकेला मेमू ट्रेन 13 से 18 मई तक अप और डाउन में नहीं चलेगी। रेलवे अधिसूचना के अनुसार टाटानगर-चक्रधरपुर-टाटानगर मेमू भी 14, 16 और 18 मई को रद्द रहेगी।
लगातार ट्रेनों के रद्द होने से कोल्हान क्षेत्र के दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पहले से ही बिलासपुर और इतवारी एक्सप्रेस के रद्द रहने से यात्री परेशान हैं। अब जून में भी इतवारी और बिलासपुर रूट की कई ट्रेनों के रद्द होने की घोषणा ने चिंता बढ़ा दी है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार जुलाई से नवंबर तक साउथ बिहार एक्सप्रेस और उत्कल एक्सप्रेस कई दिनों तक बदले मार्ग से चलेंगी। इस दौरान ये ट्रेनें टाटानगर स्टेशन नहीं आएंगी, जिससे यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों और मार्गों का सहारा लेना पड़ेगा।


