उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण कर उससे नगद राशि और बैंक खाते से रुपये निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस मामले में न्यू डीएस फ्लैट, केबुल टाउन निवासी उदित कुमार प्रधान ने गोलमुरी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
पीड़ित उदित प्रधान ने पुलिस को बताया कि 7 मई को रोहित कुमार शर्मा नामक युवक ने फोन कर उन्हें टिनप्लेट काली मंदिर के समीप बुलाया था. वहां पहुंचते ही पहले से मौजूद लोगों ने उन्हें जबरन एक टाटा सफारी वाहन में बैठा लिया. वाहन में आयुष उर्फ धीरज समेत अन्य युवक भी मौजूद थे. आरोप है कि गाड़ी में बैठाने के बाद उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी गई और उन्हें शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाया गया.
उदित के अनुसार आरोपियों ने स्कूल में नामांकन के नाम पर ज्यादा कमाई कराने का झांसा दिया और इसी दौरान उनके पास रखे 11,400 रुपये, एटीएम कार्ड और उसका पिन नंबर ले लिया. देर रात करीब 10 बजे आरोपियों ने उन्हें विष्टुपुर स्थित कांतिलाल अस्पताल के पास छोड़ दिया. घर पहुंचने पर मोबाइल पर मिले बैंक मैसेज से उन्हें जानकारी हुई कि उनके खाते से एटीएम के जरिए 29,600 रुपये की निकासी कर ली गई है.
पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी. इधर, गोलमुरी थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.


