उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की ओर से मंगलवार को इंजीनियरिंग वर्कशॉप सीनी और जोनल रेलवे ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट सीनी में व्यापक आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक चले इस कार्यक्रम में अधिकारियों, तकनीशियनों और रेलकर्मियों को आपदा के समय सुरक्षा, बचाव और राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई.
इंजीनियरिंग वर्कशॉप सीनी में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप मुख्य कारखाना प्रबंधक गुप्तेश्वर माझी, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता सीआर पटनायक, एपी सतपति, विश्वरूप पति, आरके दास, राकेश प्रसाद समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ तकनीशियन और लिपिक कर्मचारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए उप मुख्य कारखाना प्रबंधक गुप्तेश्वर माझी ने कहा कि आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण केवल कर्मचारियों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय संपत्ति और जन-जीवन की रक्षा से भी जुड़ा हुआ है. उन्होंने सभी कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया.
प्रशिक्षण सत्र के दौरान सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति पदक सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा, त्वरित बचाव कार्य और राष्ट्रीय संपत्ति की रक्षा के प्रति जिम्मेदारियों की जानकारी दी. उन्होंने प्राकृतिक अथवा अग्नि दुर्घटना जैसी आपदाओं में फंसे लोगों के साथ-साथ पशु-पक्षियों और पालतू जानवरों के सुरक्षित रेस्क्यू के महत्व पर भी जोर दिया.
डेमोस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने कार्यशाला में उपलब्ध ड्राइ केमिकल पाउडर और कार्बन डाइऑक्साइड आधारित अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की मॉक ड्रिल कराई. उन्होंने आग लगने की स्थिति में उपकरणों के सही उपयोग, सावधानियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया की व्यवहारिक जानकारी दी.
कार्यक्रम के समापन पर उप मुख्य कारखाना प्रबंधक ने सिविल डिफेंस टीम की आधुनिक प्रशिक्षण शैली की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया. वहीं, जोनल रेलवे ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर और लोको पायलट समेत कुल 170 रेलकर्मियों को फायर सेफ्टी और प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण डिजिटल पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से दिया गया.


