उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा राज्य कर विभाग (जीएसटी), जमशेदपुर के सहयोग से मंगलवार को चैंबर भवन, बिष्टुपुर में “जीएसटी/जेपीटी अवेयरनेस एंड फेसिलिटेशन कैम्प” का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शहर के व्यावसायियों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, प्रोफेशनल्स एवं करदाताओं ने भाग लेकर अपनी जीएसटी संबंधी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया. शिविर के दौरान जीएसटी रजिस्ट्रेशन, रिटर्न फाइलिंग, टैक्स भुगतान, एमेंडमेंट, जेपीटी एवं अन्य कर संबंधी विषयों पर स्टेट जीएसटी जमशेदपुर के एडिशनल कमिश्नर कंचन बरवा, ज्वाइंट कमिश्नर सुनील चौधरी, डिप्टी कमिश्नर उज्ज्वल सिंह एवं उनकी टीम द्वारा विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया.
सेतु का कार्य करती है चैंबर
चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि चैंबर सरकार, प्रशासन, विभिन्न विभागों एवं व्यापारियों के बीच सेतु का कार्य करती है तथा समय-समय पर जारी होने वाले नोटिफिकेशन्स एवं नियमों की जानकारी व्यापारियों एवं उद्यमियों तक पहुंचाने का कार्य निरंतर करती रही है. उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद से ही चैंबर का प्रयास रहा है कि व्यापारियों की जीएसटी से संबंधित समस्याओं का समाधान हो तथा व्यापार को और अधिक सरल एवं सुगम बनाने हेतु विभाग को सुझाव दिए जाते रहें.
चैंबर के महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि विभागीय अधिकारीगण जीएसटी में हुए नवीन बदलावों एवं प्रावधानों की जानकारी देकर व्यापारियों को जागरूक कर रहे हैं, जिसका लाभ सभी व्यापारियों एवं करदाताओं को प्राप्त करना चाहिए.
सीधा संवाद होता है
कार्यक्रम का संचालन करते हुए वित्त एवं कराधान विंग के सचिव, अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से व्यापारियों एवं करदाताओं को विभाग के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी व्यवहारिक समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है.
शिविर के दौरान राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित सदस्यों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया. उपस्थित व्यापारियों, उद्यमियों एवं प्रोफेशनल्स ने चैंबर की इस पहल की सराहना करते हुए इसे व्यापारिक समुदाय के लिए अत्यंत उपयोगी एवं लाभकारी बताया.
इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, सचिव अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल अग्रवाल रिंगसिया, पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, कार्यकारिणी सदस्य सीए प्रतीक अग्रवाल, सीए पीयूष गोयल, राजीव अग्रवाल, अधिवक्ता पारस अग्रवाल, अधिवक्ता राजेश अग्रवाल, अधिवक्ता राजेश मित्तल, अधिवक्ता सतीश सिंह, राजीव अग्रवाल, कॉमर्शियल टैक्स बार एसोसिएशन एवं चार्टर्ड एकाउंटेंट सोसायटी के सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी एवं प्रोफेशनल्स उपस्थित थे.


