उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर पांच दिन पूर्व हुई दर्दनाक घटना में गंभीर रूप से झुलसे एक नाबालिग किशोर की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. किशोर का उपचार महात्मा गांधी मेमोरियल अस्पताल के जला वार्ड में चल रहा था. अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर टाटानगर रेल पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया.
जानकारी के अनुसार, घटना पांच दिन पहले की है. बताया जाता है कि किशोर प्लेटफार्म संख्या तीन पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया था. इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे उच्च क्षमता वाले विद्युत तार की चपेट में वह आ गया. तेज करंट लगते ही उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया. घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों और रेल कर्मचारियों की सहायता से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक किशोर का शरीर काफी अधिक हिस्से तक जल चुका था. चिकित्सकों की लगातार कोशिशों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका. सोमवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
इधर, रेल पुलिस मामले की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है. मृतक की पहचान सुनिश्चित करने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं.


