उदित वाणी, जमशेदपुर : व्यापारियों की प्रमुख संस्था सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के सहयोग से बिष्टुपुर स्थित कमानी सेंटर में एक दिवसीय ट्रेड लाइसेंस शिविर का सफल आयोजन किया गया. इस पहल का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को सरकारी नियमों के प्रति जागरूक करना और उन्हें लाइसेंस संबंधी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना था.
राजस्व संग्रहण और लाइसेंस नवीनीकरण
शिविर के दौरान व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस एक दिवसीय शिविर में कुल 10 नए ट्रेड लाइसेंस बनाए गए, जबकि 13 पुराने ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण (Renewal) किया गया. इस पूरी प्रक्रिया के माध्यम से लगभग 55 हजार रुपये की राजस्व राशि एकत्रित हुई.
नगर आयुक्त ने किया उद्घाटन
शिविर का विधिवत उद्घाटन जेनएसी के नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर बनवाने से नगर प्रशासन और व्यापारियों के बीच समन्वय बेहतर होता है. उन्होंने चैंबर के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे व्यापारिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला कदम बताया.
पारदर्शिता और विकास पर चैंबर का जोर
चैंबर अध्यक्ष मानव केड़िया ने कहा कि संस्था सदैव व्यापारियों को सरकारी प्रक्रियाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है. उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने व्यापारिक पारदर्शिता को आज की आवश्यकता बताया, वहीं महासचिव पुनीत कांवटिया ने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे शिविर निरंतर आयोजित किए जाएंगे. सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भारत मकानी ने सभी आगंतुकों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
इनकी रही सक्रिय भूमिका
शिविर को सफल बनाने में अध्यक्ष मानव केड़िया, महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अभिषेक अग्रवाल, सचिव भारत मकानी, विनोद शर्मा, सुरेश शर्मा, अंशुल रिंगसिया, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, समीर मकानी, प्रतीक अग्रवाल, उमेश खिरवाल और अजय अग्रवाल सहित कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.


