
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर में टाटा स्टील के ट्यूब डिवीजन के मुख्य द्वार पर मंगलवार को बड़ी संख्या में मजदूरों ने प्रदर्शन किया. मजदूर अपनी मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध जता रहे हैं.
जानकारी के अनुसार टाटा स्टील के ट्यूब डिवीजन में लंबे समय से कार्यरत मजदूरों को नए वेंडर के आने के बाद काम से हटा दिया गया है. इस निर्णय से नाराज होकर मजदूर सुबह से ही कंपनी के मुख्य गेट पर एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे हैं.
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से इस इकाई में काम कर रहे हैं, लेकिन नए वेंडर के आने के बाद अचानक उन्हें काम से बाहर कर दिया गया. इससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.
मजदूरों ने मांग की है कि यदि कंपनी में नया वेंडर काम संभाल रहा है तो पुराने और अनुभवी मजदूरों को ही प्राथमिकता देते हुए उन्हें फिर से काम पर रखा जाए. प्रदर्शनकारी मजदूरों ने प्रबंधन से इस मामले में जल्द समाधान निकालने की मांग की है.

