
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत टाटानगर समेत विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में रेलवे ने विशेष टिकट जांच अभियान चलाया. इस दौरान बिना टिकट या नियमों का उल्लंघन कर यात्रा कर रहे यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान कुल 603 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे सवा चार लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा, सामान्य टिकट पर आरक्षित कोच में सफर, निर्धारित क्षमता से अधिक सामान लेकर यात्रा करने और अन्य नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की गई. रेलवे का कहना है कि यात्रियों को सही टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान समय-समय पर चलाए जाते हैं.
इधर खड़गपुर रेल मंडल के स्टेशनों और ट्रेनों में भी लगातार विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नियम तोड़ने वाले यात्रियों से जुर्माना वसूला जा रहा है.

