
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के चुनाव प्रचार के बीच महापौर और पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों का बैनर और पोस्टर फाड़ने की घटना भी घटित हो रही है. नगर निगम क्षेत्र में प्रायः सभी स्थानों पर यह स्थिति देखने को मिल रही है, जहां लगे अलग-अलग महापौर प्रत्याशी के बैनर और पोस्टर को फटे हुए अथवा क्षतिग्रस्त स्थिति में देखा जा रहा है. परन्तु संबंधित प्रत्याशियों के द्वारा संबंधित स्थान पर नया बैनर पोस्टर भी लगाने का काम किया जा रहा है, ताकि प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी के मुकाबले उनका चुनाव प्रचार कमजोर न पड़े.
हालांकि पोस्टर और बैनर फाड़ने की सबसे ज्यादा घटना वॉर्ड क्षेत्र में घटित हो रही है, जहां प्रत्याशी एक-दूसरे को तगड़ी चुनौती देते हुए नजर आ रहे हैं. अलग-अलग वॉर्ड क्षेत्र का अवलोकन करने के क्रम में अलग-अलग जगह पर अलग-अलग प्रत्याशियों द्वारा लगवाए गए पोस्टर बैनर को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा गया. पार्षद प्रत्याशी प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी तथा उनके समर्थकों के ऊपर बैनर और पोस्टर फाड़ने का आरोप लगा रहे हैं और इसको लेकर अलग-अलग वॉर्ड में तनावपूर्ण स्थिति भी उत्पन्न हो गई है.

