
उदित वाणी, कोलकाता : आगामी होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा मांग को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने विशेष तैयारियाँ शुरू कर दी हैं. यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेल ने इस बार होली के दौरान कुल 1410 स्पेशल ट्रेन यात्राएँ संचालित करने की योजना बनाई है. रेलवे प्रशासन का कहना है कि पीक सीजन में यदि यात्रियों की संख्या और बढ़ती है, तो स्पेशल ट्रेनों की संख्या में और इजाफा किया जा सकता है.
ऐसे में अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाली होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा.
दक्षिण पूर्व रेलवे ने जिन प्रमुख मार्गों पर होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है, उनमें संतरागाछी–एम.जी.आर. चेन्नई–संतरागाछी, संतरागाछी–तिरुवनंतपुरम–संतरागाछी, संतरागाछी–चारलापल्ली–संतरागाछी और संतरागाछी–दरभंगा–संतरागाछी शामिल हैं. इसके अलावा शालीमार–वडोदरा–शालीमार तथा शालीमार–विशाखापत्तनम–शालीमार मार्ग पर भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी.
झारखंड और बिहार के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टाटानगर–कटिहार–टाटानगर और टाटानगर–बक्सर–टाटानगर मार्ग पर भी होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की योजना है. वहीं, रांची–गोरखपुर–रांची, रांची–अजमेर–रांची और रांची–जयनगर–रांची के बीच भी विशेष ट्रेनें चलेंगी.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को त्योहार के समय कन्फर्म बर्थ मिलने में आसानी होगी और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी. साथ ही, रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्रियों की सहायता के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे. दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय पर टिकट बुक कराएं और यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें, ताकि होली का सफर भी सुरक्षित और आनंदमय बन सके.

