
उदित वाणी, रांची : रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित लोअर वर्धमान कंपाउंड में मधेश्वर सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में अमन कच्छप उर्फ अमन उरांव, अनिकेत कच्छप और उनके पिता मुन्ना कच्छप शामिल हैं.
तीनों आरोपी लोअर वर्धमान कंपाउंड के झीपा कोचा टोला के निवासी हैं. पुलिस के अनुसार, यह घटना बीते 31 जनवरी की रात करीब आठ बजे लोअर वर्धमान कंपाउंड स्थित धोबी घाट के पास हुई. डीएसपी वेंकटेश रमन ने बताया कि मधेश्वर सिंह रात के समय अपने घर से टहलने के लिए निकले थे. इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले अमन कच्छप और अनिकेत कच्छप से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.
आरोप है कि दोनों भाइयों और उनके पिता मुन्ना कच्छप ने मधेश्वर सिंह के साथ मारपीट की. इस दौरान मधेश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और बेहोश हो गए. सूचना मिलने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
आक्रोशित लोगों ने एक फरवरी को सड़क पर उतरकर लालपुर चौक जाम कर दिया था. हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया. एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा की देखरेख में विशेष टीम का गठन किया गया. सिटी डीएसपी वेंकटेश रमन के नेतृत्व में और लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है.
(आईएएनएस)

