
उदित वाणी, कोलाबीरा : कांड्रा थाना क्षेत्र के बुरूडीह जंगल से पुलिस ने गुरुवार की सुबह एक 17 वर्षीय नाबालिग युवती का शव बरामद किया. शव की पहचान शिवपुर गांव निवासी नेहा नायक के रूप में हुई है. युवती का चेहरा पत्थर से कुचल दिया गया था, जिससे स्पष्ट होता है कि उसकी हत्या की गई है.
जानकारी के अनुसार, नेहा गुरुवार सुबह शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर तक लौटकर नहीं आई. परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तभी बुरूडीह जंगल में उसका शव पड़ा हुआ मिला. शव की स्थिति देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
सूचना मिलते ही एसडीओ समीर कुमार सुवैया, कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और मामले की विस्तृत जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है.
मृतका नेहा नायक गम्हारिया स्थित विद्या भारती स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा थी. वह मूल रूप से पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना अंतर्गत तोरया गांव की रहने वाली थी. वर्तमान में वह अपने मामा के घर शिवपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी. दो बहनों और एक भाई में वह सबसे बड़ी थी.
पुलिस का कहना है कि यह मामला संदिग्ध परिस्थिति में हुई हत्या का प्रतीत होता है. जांच जारी है और शीघ्र ही दोषियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है.

