
उदित वाणी, बोकारो : जिले के सेक्टर 6 थाना क्षेत्र के बीएस सिटी कॉलेज से कुछ ही दूरी पर झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद हुआ है. लगभग 40 वर्षीय महिला की पहचान छिपाने के लिए सिर को पूरी तरह कुचल दिया गया था. शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने अर्धनग्न शव देखा और सेक्टर 6 थाना पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी संगीता कुमारी और बोकारो बीएस सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास ने जांच शुरू कर दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया. शव के बगल में महिला का कपड़ा भी बरामद किया गया.
शव की स्थिति से आशंका जताई जा रही है कि पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया गया, फिर हत्या कर दी गई. थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने बताया कि स्थानीय सूचना पर शव बरामद हुआ. डॉग स्क्वॉयड व फोरेंसिक जांच जारी है. महिला की पहचान नहीं हो सकी है. थाना क्षेत्र में दर्ज मिसिंग महिला के मामलों से मिलान किया जा रहा है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली.

