उदित वाणी, धनबाद : लोयाबाद में हुई हिंसक झड़प और उसके पश्चात आजसू कार्यकर्ताओं के विरुद्ध की गई पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को धनबाद में आजसू पार्टी ने जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। इस रैली में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी समेत हजारों कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। रैली की शुरुआत ढोल-नगाड़ों के साथ शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) से हुई, जो कि रणधीर वर्मा चौक, पुलिस लाइन होते हुए कोयला नगर स्थित नेहरू कॉम्प्लेक्स तक पहुँची। वहां रैली का स्वरूप सभा में बदल गया। आक्रोशित आजसू कार्यकर्ताओं और नेताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को दमनकारी बताया। सभा को संबोधित करते हुए सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने राज्य में लूट, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद भी युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और सरकार जनता के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने स्थापना दिवस पर जनता के हक और अधिकार के लिए सरकार और माफिया के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प ले रही है। उन्होंने सरकार से भ्रष्टाचार और पलायन रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की भी मांग की। आजसू के आक्रोश मार्च से पार्टी ने सरकार के खिलाफ अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है। साथ ही, लोयाबाद हिंसा मामले को लेकर आगे आंदोलन और तेज करने का संकेत भी दिया गया है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Advertisement
Jharkhand : लोयाबाद हिंसा मामले में कार्रवाई के विरोध में आजसू का आक्रोश मार्च, हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे
Advertisement
<

