उदित वाणी, जमशेदपुर : मुहर्रम-2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने को लेकर सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की संयुक्त रूप से अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी श्री राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री पीयूष पाण्डेय ने की. बैठक में केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों, विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया.
बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई. शांति समिति के सदस्यों एवं अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों द्वारा प्रशासन को विभिन्न सुझाव दिए गए और स्थानीय स्तर की समस्याओं से अवगत कराया गया. उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को इन प्राप्त सुझावों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा पर्व के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न होने देने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया.

संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता और समयबद्ध तैयारियां
उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने तथा पर्व के दौरान निरंतर निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने एवं सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पूर्व से ही दुरुस्त रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की समृद्ध परंपरा वाला जिला है और सभी समुदायों के सहयोग से प्रत्येक पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होता रहा है.
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और अफवाहों के खिलाफ एसएसपी की चेतावनी
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पाण्डेय ने कहा कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. उन्होंने जनता से अपील की कि सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार निगरानी रखेगी. उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों एवं युवाओं से अपील की कि वे आपसी भाईचारे की भावना के साथ पर्व मनाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करें.
बैठक में ये सभी वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर उपायुक्त, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर निकायों के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं केंद्रीय शांति समिति के सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित थे.


