
उदित वाणी, धनबाद : बिहार-झारखंड के रेल यात्रियों के लिए आतंक बन चुके लुटेरों के एक गिरोह का धनबाद रेल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया. जीआरपी ने गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके कब्जे से चोरी के पर्स, मोबाइल समेत लाखों का माल बरामद किया. गैंग का सरगना अभी फरार है, लेकिन पुलिस उसे शीघ्र दबोचने के लिए छापेमारी तेज कर चुकी है.
धनबाद जीआरपी अधीक्षक कैलाश करमाली ने मंगलवार को बताया कि यह गिरोह लंबे समय से बिहार-झारखंड की यात्री ट्रेनों को निशाना बना रहा था. 19-20 दिसंबर की रात टाटा-जयनगर एक्सप्रेस के एसी कोच में सो रही महिला यात्रियों के पर्स, मोबाइल लूटकर बदमाश धनबाद के प्रधानखंटा स्टेशन पर चेन पुलिंग कर उतरे. यात्रियों ने पीछा किया, लेकिन रात के अंधेरे व कुहासे का फायदा उठाकर वे जंगल में भाग निकले.
रेल एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने अनुसंधान के दौरान छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान घटना में शामिल पांच में से चार अपराधियों को धर दबोचा गया. बरामद माल में 05 लेडीज पर्स, 02 चांदी के चेन, चांदी की अंगूठी-पायल-सिक्का, आधार कार्ड, 1220 रुपये नकद, 03 पिट्ठू बैग, 04 मोबाइल फोन, हेडफोन, चश्मा, रोलगोल्ड लॉकेट, झुमका व कॉस्मेटिक आइटम शामिल हैं.
गिरफ्तार बदमाशों में धनबाद के विकास कुमार साव, रौनक कुमार, सचिन कुमार उर्फ कल्लू तथा बिहार के जहानाबाद का आकाश कुमार साव हैं. रेल एसपी ने बताया कि इनका पुराना अपराधिक इतिहास है. ये धनबाद होटल में ठहरकर घटना की साजिश रच चुके थे. पुलिस सरगना को तलाश रही है.

