
उदित वाणी, चाईबासा : ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की सतत सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘जल ही जीवन है’ अभियान के अंतर्गत सीएसआर गुवा अयस्क खदान प्रबंधन द्वारा पांच नवनिर्मित सौर जल मीनारों का उद्घाटन किया गया. इस कार्यक्रम की शुरुआत गंगदा गांव से हुई और समापन बड़ा जामकुंडिया में संपन्न हुआ.
परियोजना के तहत गंगदा, घाटकुरी, डुइया, छोटा जामकुंडिया और बड़ा जामकुंडिया गांवों में सौर ऊर्जा से संचालित जल मीनारें स्थापित की गई हैं. इन मीनारों से ग्रामीणों को स्वच्छ एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा. इस पहल से जहां पेयजल संकट का समाधान होगा, वहीं सौर ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी नई गति मिलेगी.

उद्घाटन समारोह में एस.पी. दास (जीएम-खान), डॉ. टी.सी. आनंद (जीएम-ई एंड एल), राजू सांडिल (मुखिया, गंगदा पंचायत), लागुरा देवगम (मानकी) और रुबेन (मुंडा, जामकुंडिया) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संपूर्ण परियोजना का नेतृत्व अनिल कुमार (डीजीएम-सीएसआर) ने किया. उनके पर्यवेक्षण में सभी सौर जल मीनारों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
गुवा सेल प्रबंधन की यह पहल ग्रामीण विकास और जल संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है. इससे हजारों ग्रामीणों को स्वच्छ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और ‘जल ही जीवन है’ अभियान को नई दिशा मिलेगी.

