
उदित वाणी, गुवा : सीटू के 18वें अखिल भारतीय सम्मेलन के उपलक्ष्य में गुवासाई गांव स्थित सीटू यूनियन कार्यालय में झंडोत्तोलन कर झंडा दिवस मनाया गया. झंडा रोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई और श्रमिक एकता के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा.
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीटू के महासचिव रमेश गोप ने की. इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सीटू का झंडा दिवस संगठन की एकता, संघर्ष और संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने बताया कि आगामी अखिल भारतीय सम्मेलन में श्रमिक वर्ग के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी और यह एक बड़ा राष्ट्रीय आयोजन होगा, जिसका उद्देश्य ट्रेड यूनियन आंदोलन को और मजबूत करना है.
रमेश गोप ने कहा कि सीटू श्रमिक वर्ग के मुद्दों को मजबूती से उठाने और राष्ट्रीय स्तर पर ट्रेड यूनियन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर संघर्षरत है. उन्होंने कहा कि जनपक्षीय विकल्प के लिए संघर्ष ही हमारा मूल नारा है, जिसे लेकर सीटू प्रत्येक वर्ष यह दिवस मनाती है. यह दिवस मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है.
कार्यक्रम में सीटू के सचिव राकेश कुमार, राज्य सदस्य मलय पाणीग्राही, विजय कुमार बेहेरा, अनिल कुमार, फोरमैन मांझी, आर. सोरेन, विशाल घोघरा, दीप कुमार पान, मनोज कुमार, बुलन राय, एन. चक्रवर्ती सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे.

