
उदित वाणी, कांड्रा: चांडिल थाना अन्तर्गत मानिकुई स्थित विस्थापित कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण लगभग 60 परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर थे। लेकिन झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केन्द्रीय उपाध्यक्ष एवं ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी तरुण महतो ने आगे आकर नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया और उसकी स्थापना कराई।
तरुण महतो ने कहा, “एक विस्थापित बेटा ही विस्थापितों का दर्द समझ सकता है। जब जिम्मेदार तंत्र मौन हो जाए, तब जनता की सेवा करना हमारा कर्तव्य बन जाता है। मैं हमेशा अपने लोगों के साथ हूं और रहूंगा।”

ट्रांसफॉर्मर के चालू होते ही क्षेत्र में फिर से बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। इस मौके पर JLKM पार्टी के कई पदाधिकारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
स्थानीय लोगों ने तरुण महतो को धन्यवाद देते हुए कहा कि “जब व्यवस्था ने साथ नहीं दिया, तब तरुण महतो ने अंधेरे में उम्मीद की रोशनी दी।”

