
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो नगर निगम से संध्या सिंह और एसटी सुरक्षित आदित्यपुर नगर निगम से प्रभाषिणी कलुण्डिया भाजपा समर्थित महापौर के प्रत्याशी होंगे. जबकि हाल ही में भाजपा में शामिल होनेवाले खरसवां के विधायक दशरथ गगराई के सगे भई डा विजय सिंह गगराई चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार होंगे. बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराने की वजह से भाजपा द्वारा पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की सूची लिखित रूप से मीडिया में जारी नहीं किया जायेगा. इसके साथ ही भाजपा द्वारा निकाय चुनाव के महापौर व निकायों के अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशियों के समर्थन में नाम तय कर लिया गया है. लेकिन निर्दलीय चुनाव होने की स्थिति में पार्टी सीधे तौर पर नामों की घोषणा नहीं करेगी.
बताया गया कि सोमवार को राज्य के 48 नगर निकायों के महापौर व अध्यक्ष के चयन को लेकर प्रदेश भाजपा कोर कमिटी की बैठक काफी माथापच्ची की गई. जिसमें महापौर और अध्यक्ष पद पर समर्थन के लिए प्रत्याशियों के नामों को लेकर सहमति बन गयी है. पार्टी द्वारा रांची नगर निगम के महापौर के पद पर रौशनी खलखो को समर्थन दिया जायेगा. पिछले निकाय चुनाव के दौरा रौशनी खलखो रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 19 से निगम क्षेत्र में अकेली निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हुई थी और राज्य में निकाय चुनाव कराने के लिए राज्य सरकार के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में लंबी लड़ाई लड़ी है और रौशनी को कई दावेदारों के बीच भाजपा ने निकाय चुनाव को लेकर किए गए संघर्ष को महत्व दिया.
वहीं भाजपा द्वारा देवघर में रीता चौरसिया, मेदिनीनगर में अरुणा शंकर, धनबाद में संजीव अग्रवाल, चास में अविनाश कुमार और हजारीबाग में सुदेश चंद्रवंशी को समर्थन दिया गया है. इनके अलावा पार्टी ने मधुपुर नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर नीति कुमारी, गढ़वा नगर परिषद में कंचन जायसवाल, दुमका नगर परिषद में अमिता रक्षित, गोड्डा नगर परिषद में नारायण मंडल व बुंडू नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर राजेश उरांव को समर्थन दिया है.
निकाय क्षेत्रों में भाजपा करेगी प्रत्याशियों को समर्थन देने की घोषणा
बताया गया कि मंगलवार को प्रदेश भाजपा के बड़े नेताओं द्वारा निकाय क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन की घोषणा की जायेगा. पार्टी की तरफ से जिन उम्मीदवारों का समर्थन किया गया है उन्हें इसकी जानकारी दे दी गई है. इसके अलावे प्रत्याशियों के समर्थन में नामांकन के अवसर पर भी भाजपा नेता उपस्थित रहेंगे. इसके साथ ही प्रदेश भाजपा द्वारा जिलाध्यक्षों को निकाय चुनाव के प्रचार अभियान में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में सक्रियता से जुटने का भी निर्देश दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक निकाय चुनाव में पार्टी समर्थित महापौर व अध्यक्ष पद के दावेदारों के नाम तय करने की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और रेखा वर्मा को रांची भेजा तथा उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास व मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा दिनेशानंद गोस्वामी समेत प्रदेश के अन्य प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की. बैठक के दौरान चुनाव में जीत की संभावनाओं और स्थानीय समीकरणों पर विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक में अरुण सिंह ने प्रदेश भाजपा नेताओं को नगर निकाय चुनावों में गंभीरता से अभियान चलाने को कहा. जिसके तहत नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेताओं का क्षेत्रों में दौरा भी होगा.
धनबाद में झामुमो भाजपा के बागी पार्टी के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष शेखर अग्रवाल को महापौर पद पर देगा समर्थन
उधर भाजपा द्वारा धनबाद नगर निगम के महापौर पद के लिए संजीव अग्रवाल का समर्थन किए जाने के फैसले से नाराज प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे पूर्व महापौर शेखर अग्रवाल ने सोमवार को दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष झामुमो का दामन थाम लिया. और बताया गया कि झामुमो ने भाजपा से विजय गगराई का बदला धनबाद में लिया. शेखर अग्रवाल धनबाद नगर निगम में झामुमो समर्थित महापौर उम्मीदवार होंगे. जबकि धनबाद में निवर्तमान महापौर शेखर अग्रवाल ने पहले ही नामांकन दाखिल कर लिया है और उनके बागी होने के बाद भाजपा को चुनाव के दौरान चुनौती का सामना करना पड़ेगा.
