
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा नगर रेलवे इंस्टीट्यूट के 9 सदस्यीय चुनाव में प्रगतिशील मोर्चा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए 9 में से 8 सीटों पर कब्जा जमाया। जीत के बाद नवनिर्वाचित सदस्यों ने मंगलवार को रेलवे इंस्टीट्यूट के उपाध्यक्ष एवं एआरएम/टाटा श्री अभिषेक सिंघल से शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान श्री सिंघल ने सभी विजयी सदस्यों को जीत की हार्दिक बधाई दी और भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से उन्हें हर संभव सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि रेलवे इंस्टीट्यूट वर्तमान में जर्जर स्थिति में है, जिसे एक आधुनिक, सुरक्षित और सुंदर संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इंस्टीट्यूट में होगा सौंदर्यीकरण और बेहतर सुविधाएं
एआरएम सिंघल ने कहा कि रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के लिए रेलवे इंस्टीट्यूट को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने नवनिर्वाचित कमेटी को आश्वासन दिया कि सौंदर्यीकरण, सफाई और सुरक्षित माहौल निर्माण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
सचिव और कोषाध्यक्ष को मिला प्रभार
इस अवसर पर नवनिर्वाचित कमेटी के सचिव श्री राम विनोद राय और कोषाध्यक्ष श्री प्रकाश यादव को इंस्टीट्यूट का प्रभार सौंपा गया। अन्य विजयी सदस्यों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
मिठाई खिलाकर दी बधाई
बैठक के अंत में एआरएम सिंघल ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कमेटी के नेतृत्व में रेलवे इंस्टीट्यूट में नई ऊर्जा का संचार होगा और यह संस्था पुनः अपने गौरवशाली स्वरूप में लौटेगी।
नवनिर्वाचित सदस्यों ने भी भरोसा दिलाया कि वे कर्मचारियों और उनके परिवारों के हित में हर संभव कार्य करेंगे और जल्द ही सुधारात्मक कदम उठाएंगे।

